सिलीगुड़ी, 30 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस की टूरिस्ट हेल्पलाइन पर किया गया एक फोन कॉल दिल्ली के एक दंपति के लिए बड़ी राहत बन गया। बस में छूटे लैपटॉप बैग को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर दंपति के परिवार को सुरक्षित वापस लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सायंतन पाल अपनी पत्नी अनिंदिता बर्मन के साथ अलीपुरद्वार से बागडोगरा एयरपोर्ट जा रहे थे। यात्रा के दौरान वे लैपटॉप बैग बस में ही भूल गए। बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचने पर जब उन्हें इसका पता चला तो उन्होंने तुरंत सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर संपर्क किया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित बस और कर्मचारियों से संपर्क कर खोजबीन शुरू की और कुछ ही समय में बैग बरामद कर लिया। बाद में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बाद में डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद ने लैपटॉप बैग दंपति के परिवार को सुरक्षित वापस लौटा दिया। सामान वापस मिलने पर दंपति के परिवार ने सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस की तत्परता और सहयोग की सराहना की।
