सिलीगुड़ी में घर-घर जाकर अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों से मिले मंत्री शंकर घोष, पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने का दिया भरोसा  


सिलीगुड़ी, 26 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के 15 नंबर वार्ड में अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों से विधायक तथा राज्य के मंत्री शंकर घोष ने मुलाकात की है।

इस दिन 15 नंबर वार्ड के भाजपा को-ऑर्डिनेटर और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री ने विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर लाभार्थियों से बातचीत की और यह जानकारी ली कि उनके बैंक खातों में अन्नपूर्णा योजना की राशि पहुंची है या नहीं। जिन लाभार्थियों को राशि मिल चुकी है, उनके घर पर मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापन वाला स्टिकर भी लगाया गया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री शंकर घोष ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना का लाभ पाने के योग्य कई लोगों के बैंक खातों में तीन-तीन हजार रुपये की राशि पहुंच चुकी है। वहीं, जिन लोगों के खातों में अभी तक राशि नहीं पहुंची है, उनसे भी बातचीत की जा रही है और समस्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी योग्य लाभार्थी के खाते में राशि नहीं पहुंची है, तो वे विधायक सेवा केंद्र से संपर्क करें। आवेदन या राशि प्राप्त करने में किसी तरह की प्रशासनिक अथवा दस्तावेज संबंधी समस्या होने पर संबंधित विभाग से बात कर उसका समाधान कराने और लाभार्थियों को उनका हक दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

अन्नपूर्णा योजना को लेकर विभिन्न इलाकों में लोगों के आक्रोश और विरोध के सवाल पर मंत्री ने कहा कि लोगों में नाराजगी, गुस्सा या शिकायत हो सकती है। हालांकि, योजना के तहत जो लोग पात्र हैं, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार सरकारी सहायता जरूर मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes