सिक्किम के नामची में टनल के अंदर हुए भयानक विस्फोट और धंसने की घटना में अब तक कम से कम 20 मजदूरों की मौत की खबर है। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सोमवार को टनल के अंदर काम के दौरान अचानक मीथेन गैस का विस्फोट हुआ, जिसके कारण टनल का एक हिस्सा ढह गया और कई मजदूर अंदर फंस गए।
हालांकि कुछ मजदूरों को जीवित बाहर निकाला गया है, लेकिन अभी भी कई लोग टनल के भीतर फंसे हुए हैं। अंधेरा, ऑक्सीजन की कमी और मलबे के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
घटना के बाद युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। एनडीआरएफ की कई टीमें, जिनमें सिलीगुड़ी से गई एक विशेष टीम भी शामिल है, मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं। भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश जारी है।
प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री विशाल लामा भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। सिक्किम सरकार मृतकों और घायलों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।
इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने सिक्किम के मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली है। बताया जा रहा है कि मृतकों में पश्चिम बंगाल के भी कई मजदूर शामिल हैं, जिनमें जलपाईगुड़ी जिले के निवासी भी हैं।
