सिलीगुड़ी, 22 जुलाई (नि.सं.)। डाबग्राम दो नंबर अंचल के तेलीपाड़ा इलाके में मोबाइल टावर निर्माण को लेकर भारी तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद माहौल काफी गरम हो गया।
जानकारी के मुताबिक, इलाके के निवासी मानिक पाल ने अपने घर की छत पर एक कंपनी का मोबाइल टावर बनवा रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि वह फिलहाल काम के सिलसिले में असम में रहते हैं। निर्माण कार्य की देखरेख इलाके के ही निवासी नव पाल कर रहे थे। इससे पहले भी इस इलाके में टावर निर्माण को लेकर विवाद हो चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टावर चालू होने से बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। साथ ही आरोप है कि बिना नियमों का पालन किए अवैध तरीके से टावर बनाया जा रहा है।
बुधवार को गुस्साए लोग इकट्ठा होकर घर का ताला तोड़कर छत पर चढ़ने की कोशिश करने लगे और निर्माण से जुड़े लोगों से मिलने की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर वहां काम कर रहे एक मजदूर को भी घेरकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
सूचना मिलते ही आशीघर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने एक निर्माण कर्मी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस बीच स्थानीय लोगों ने आशीघर फांड़ी में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
