सिलीगुड़ी, 21 जुलाई(नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की 24 घंटे की टूरिस्ट हेल्पलाइन का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। कोलकाता से आए एक पर्यटक की शिकायत पर महज 2 घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके 997 रुपये वापस दिला दिए।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता निवासी प्रीतम जोरदार ने ऑनलाइन माध्यम से होटल बुकिंग कर एडवांस भुगतान किया था, लेकिन सिलीगुड़ी पहुंचने पर उन्हें कमरा नहीं मिला। पैसे वापस मांगने पर होटल प्रबंधन ने इनकार कर दिया। इसके बाद प्रीतम ने टूरिस्ट हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड के ओसी स्वपन राय के नेतृत्व में तुरंत जांच शुरू की गई। पुलिस ने होटल से संपर्क कर महज 2 घंटे के भीतर पर्यटक को उसके 997 रुपये वापस दिला दिए।
पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा के नेतृत्व में शुरू की गई इस हेल्पलाइन का उद्देश्य पर्यटकों को त्वरित सहायता देना है। सेवा शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।
पैसे वापस मिलने पर प्रीतम जोरदार ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस का धन्यवाद किया। यह हेल्पलाइन अब उत्तर बंगाल आने वाले पर्यटकों के लिए भरोसेमंद मददगार साबित हो रही है।
