सिलीगुड़ी, 21 जुलाई(नि.सं.)। भक्तिनगर थाने की पुलिस ने सालूगाड़ा बाजार में जबरन वसूली और टेंडर धारक के साथ मारपीट करने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस नेता संजय लिंबू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया। मिली जानकारी के अनुसार सालुगाड़ा बाजार से लंबे समय से कथित रूप से संजय लिंबू और उसके सहयोगी बाजार शुल्क वसूलते थे। लेकिन इस बार बाजार की साफ-सफाई और शुल्क संग्रहण का टेंडर सिलीगुड़ी नगर निगम ने दूसरे व्यक्ति रंजीत पारिदा को दिया। आरोप है कि टेंडर दूसरे पक्ष को मिलने के बावजूद संजय लिंबू अपने समर्थकों के साथ बाजार में पहुंचकर जबरन व्यवसायियों से पैसे वसूल रहा था। इसी बात को लेकर पिछले कई दिनों से बाजार में तनाव और विवाद का माहौल बना हुआ था। आरोप है कि सोमवार की शाम जब टेंडर धारक रंजीत पारिदा व्यवसायियों को कूपन वितरित कर बाजार शुल्क एकत्र कर रहे थे। तभी संजय लिंबू अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचा और कथित रूप से रंजीत पारिदा पर हमला कर दिया। जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद रंजीत पारिदा ने भक्ति नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संजय लिंबू को गिरफ्तार कर लिया। आज आरोपी तृणमूल कांग्रेस नेता को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
