सिलीगुड़ी में चोरी के मामले में बड़ी सफलता, सोने के गहने बरामद

सिलीगुड़ी, 26 मई (नि.सं.)। आशिघर फाड़ी क्षेत्र के हतियाडांगा इलाके में हुई चोरी की घटना की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी गए सोने के आभूषण बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम विश्वजीत घोष है, जो दिनहाटा के बड़ा आटियाबाड़ी इलाके का रहने वाला है। वह अलग-अलग जगहों पर घूमकर कबाड़ बीनने का काम करता था और इसी की आड़ में चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
बताया गया है कि 16 मई को हतियाडांगा इलाके के एक घर में दुस्साहसिक चोरी की घटना हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। इसके बाद 22 मई को उसे जलश्वरी बाजार इलाके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कबूल किया कि चोरी किए गए सोने के गहनों को ईस्टर्न बाईपास के पास एक मैदान में जमीन के नीचे छिपाकर रखा है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां तलाशी अभियान चलाकर मिट्टी के नीचे से गहने बरामद कर लिए। मंगलवार को आरोपी को फिर से जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *