सिलीगुड़ी, 08 अगस्त (नि.सं.)। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर अवैध लेन-देन करने के आरोप में सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रशेखर दास (22), सोनू कुमार महतो (23) और पृथ्वीराज घोष (21) के रूप में हुई है। तीनों सिलीगुड़ी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी थाना की सादे कपड़ों में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एसएफ रोड इलाके में अभियान चलाकर इन तीनों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पैसों का लालच देकर उनके जरूरी दस्तावेज हासिल करते थे। इसके बाद उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन खातों का इस्तेमाल बाहर से आने वाली रकम के लेन-देन के लिए किया जाता था।
पुलिस को आशंका है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध वित्तीय गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें चार दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और बैंक खातों से जुड़े लेन-देन की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है।
