सिलीगुड़ी, 23 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। एक के बाद एक दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा रही है, लेकिन इसके बावजूद आम लोगों में जागरूकता की कमी साफ दिखाई दे रही है। कई बाइक सवार बिना हेलमेट के सड़कों पर चलते नजर आ रहे हैं।
इसी स्थिति को देखते हुए गुरुवार को ढाकेश्वरी मोड़ पर आशिघर ट्रैफिक गार्ड की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले कई बाइक चालकों पर जुर्माना लगाया गया। आरोप है कि ईस्टर्न बाईपास के पास मौजूद पॉकेट रोड का इस्तेमाल कर कई बाइक सवार पुलिस की निगरानी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हेलमेट पुलिस से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पहनें। यही संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
