बागडोगरा, 23 मई (नि.सं.)। बागडोगरा के सन्यासी चाय बागान अंतर्गत एशियन हाईवे पर पत्थर से लदे ट्रेलर और पार्सल से लदे कंटेनर के बीच शनिवार तड़के आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर भूटान से बिहार की ओर जा रहा था, जबकि कंटेनर सिलीगुड़ी की तरफ आ रहा था। सन्यासी चाय बागान इलाके में दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक सरोज राय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद एशियन हाईवे पर भारी जाम लग गया।
सूचना मिलते ही बागडोगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि नींद की झपकी के कारण यह दुर्घटना हुई।
