मूसलाधार बारिश में नगर निगम के 46 नंबर वार्ड का आनंदमय कॉलोनी जलमग्न

सिलीगुड़ी, 10 जून (नि.सं.)। भारी बारिश के कारण रात सिलीगुड़ी नगर निगम के 46 नंबर वार्ड स्थित चंपासरी मोड़ के पास आनंदमय कॉलोनी पूरी तरह जलमग्न हो गई। बारिश का पानी कई घरों के अंदर घुस गया, जिससे लोगों को मजबूर होकर रात में अपने घर छोड़कर सड़कों पर शरण लेनी पड़ी।

घटना से नाराज़ स्थानीय निवासियों ने चंपासरी मेन रोड को कुछ समय के लिए जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रधाननगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और जाम हटवाया। इसके बाद रात में ही सड़क पर यातायात सामान्य हो गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि हर साल बरसात के दौरान उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है और अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहते हैं।

बारिश के दौरान घरों में पानी घुसने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर भाजपा के स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद जल निकासी व्यवस्था को सामान्य करने के लिए काम शुरू किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes