वार्ड पार्षद शालीनी डालमिया को धमकी देने के आरोप में मुर्शिदाबाद से दो गिरफ्तार  

सिलीगुड़ी, 29 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के भाजपा पार्षद के साथ मोबाइल पर गाली गलौज और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मुर्शिदाबाद के आदीम गंज से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम बीरेन राय और राजेश राय है। आज दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।


उल्लेखनीय है कि सिलीगुड़ी नगर निगम की 8 नंबर वार्ड की भाजपा पार्षद शालीनी डालमिया की तरफ से बताया गया था कि 25 सितंबर की रात को एक अनजान नंबर से उसके मोबाइल पर कॉल आया था। जब उन्होंने कॉल उठाया तो फोन पर उन्हें गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। जिसके बाद 26 सितंबर को पार्षद ने सिलीगुड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

इधर, इस घटना को लेकर सिलीगुड़ी में राजनीतिक माहौल भी गर्माया गया था। भाजपा के तरफ से इस मामले की जांच कर आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस पर दबाव भी बनाया जा रहा था। वहीं, शिकायत दर्ज होने के बाद जांच में जुटी पुलिस ने पार्षद को जिस नंबर से धमकी मिली थी उस नंबर को ट्रेस करना शुरू किया। जिसके बाद पुलिस को पता चला कि यह नंबर मुर्शिदाबाद का है।


इसके बाद 27 सितंबर को पुलिस की एक टीम मुर्शिदाबाद के लिए रवाना हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने आदीम गंज से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार दोनों पुराने आरोपी पुराने अपराधी है।

इससे पहले भी इन दोनों पर अलग-अलग नामचीन लोगों को धमकी देने का आरोप लग चुका है। दोनों का किसी भी राजनीतिक पार्टी से किसी तरह का संपर्क नहीं है। फिर भी पुलिस पूरे मामले की गहनता के साथ जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *