उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में एक युवक हैरान, बिना वोट दिए ही दर्ज हो गया वोट
सिलीगुड़ी, 23 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 1 में चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक का वोट किसी और द्वारा डाले जाने का आरोप लगा है। इस घटना से हंगामा मच गया। खबर मिलने के बाद सिलीगुड़ी विधानसभा के तृणमूल उम्मीदवार गौतम देव मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 1 के देशबंधु हिंदी विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर राकेश साहनी वोट देने पहुंचे थे। लाइन में लगकर अंदर जाने के बाद उन्हें बताया गया कि उनका वोट पहले ही डाला जा चुका है। इसके बाद उन्हें शाम 4 बजे आने को कहा गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिलीगुड़ी विधानसभा से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार गौतम देव मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक से बातचीत की और मतदान केंद्र के अधिकारियों से भी मामले की जानकारी ली।
इसके बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि युवक के नाम की दोबारा जांच की जाएगी और यदि आवश्यक हुआ तो उसे टेंडर वोट डालने का अवसर दिया जाएगा।
