खोरीबाड़ी, 19 जुलाई(नि.सं.)। एसएसबी ने एक बार फिर एक बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम मोहम्मद अजीजुल हकीम साबिर है। वह ढाका का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि एसएसबी ने इंडो-नेपाल सीमा पर पानीटंकी में नेपाल से भारत में प्रवेश करते समय एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में पता चला कि युवक बांग्लादेशी है। इसके बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसबी ने युवक के पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र और पासपोर्ट बरामद किया। बाद में युवक को खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार युवक हाल ही में टूरिस्ट वीजा पर नेपाल आया था। फिर वह अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान एसएसबी ने बांग्लादेशी युवक को पकड़ लिया। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।
