बसों की कमी से बवाल, यात्रियों ने टिकट काउंटर में की तोड़फोड़

सिलीगुड़ी, 22 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में चुनाव से पहले घर लौटने की भीड़ के बीच जंक्शन बस स्टैंड पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद बस नहीं मिलने से नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर में तोड़फोड़ कर दी। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह से ही जंक्शन बस स्टैंड पर असामान्य भीड़ उमड़ पड़ी। लेकिन पर्याप्त बसें नहीं होने के कारण कई यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित यात्रियों ने टिकट काउंटर के अंदर घुसकर कंप्यूटर समेत कई सामानों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में तनाव का माहौल बन गया। इस मामले में उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम के इंचार्ज समीर सरकार ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर कई बसें अन्य कार्यों में लगाई गई हैं, जिससे सामान्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इसी कारण अतिरिक्त बसें समय पर नहीं चलाई जा सकीं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद कुछ समय के लिए बस सेवाएं बाधित रहीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रधान नगर थाने की पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes