सिलीगुड़ी,3 जून (नि.सं)।सिलीगुड़ी में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। इसी बीच आज मेयर गौतम देव ने फूलबाड़ी जल निकासी केंद्र का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से सिलीगुड़ी में भीषण जल संकट बना हुआ है। शहर के विभिन्न इलाकों में जलापूर्ति बाधित होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मंगलवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव, डिप्टी मेयर रंजन सरकार, एमएमआईसी दुलाल दत्त समेत कई अधिकारी फूलबाड़ी जल निकासी केंद्र, महानंदा बैराज और वैकल्पिक इंटेक वेल का जायजा लेने पहुंचे।
सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तीस्ता नदी से भारी मात्रा में गाद आकर फूलबाड़ी के इंटेक प्वाइंट पर जमा हो रही है। जिससे जल निकासी केंद्र में बड़ी समस्या पैदा हो गई है। जो पानी आ रहा है वह काफी गंदा है। गंदे पानी को शुद्ध करने की प्रक्रिया में समस्याओं के कारण सिलीगुड़ी के कई वार्डों में जलापूर्ति बाधित हो रही है।
जायजा लेने के बाद मेयर गौतम देव ने कहा कि हमने फूलबाडी जल निकासी केंद्र समेत कई महत्वपूर्ण जगहों का दौरा किया है। सिक्किम में आई प्राकृतिक आपदा के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। तीस्ता से काफी मात्रा में गाद बह रही है, जो इंटेक प्वाइंट पर जमा हो रहा है। पानी का शुद्धिकरण मुश्किल हो गया है। हमारे पास 33 टैंक काम कर रहे हैं। इसके अलावा जलापूर्ति के लिए पीएचई विभाग से 25 अतिरिक्त टैंक लाए जाएंगे। शहर में जल संकट से निपटने के लिए कल से डेढ़ लाख पानी के पाउच वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा नए पंड बनाने की योजना बनाई गई है।
