सिलीगुड़ी, 16 अप्रैल(नि.सं.)। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कामतापुर प्रोग्रेसिव पार्टी (केपीपी) ने अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट कर दिया है। सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने घोषणा की कि वे तीन विधानसभा क्षेत्रों में कामतापुर स्टेट डिमांड काउंसिल (KSDC) के उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे।
पार्टी की ओर से बताया गया कि डाबग्राम-फूलबाड़ी, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी और फांसीदेवा विधानसभा सीटों पर केपीपी, KSDC उम्मीदवारों के पक्ष में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार करेगी। साथ ही आम जनता से इन उम्मीदवारों को वोट देने की अपील भी की गई है।
बैठक के दौरान संगठन के सदस्यों ने केंद्र और राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की। उनका आरोप है कि वर्षों से सिर्फ वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कार्य बहुत कम हुआ है। खासकर उत्तर बंगाल की उपेक्षा को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।
इसके साथ ही केपीपी नेतृत्व ने अलग कामतापुर राज्य की मांग को एक बार फिर जोरदार तरीके से उठाया। उनका कहना है कि इस मांग के पूरा होने से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है।
