घोषपुकुर,16 अक्टूबर (नि.सं.)। घोषपुकुर वन विभाग ने तस्करी से पहले 30 करोड़ रुपये के सर्प विष के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूत्रों के आधार पर वनकर्मियों ने 31 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर महानंदा नदी पुल पर अभियान चलाकर एक बाइक को रोका। इसके बाद तलाशी के दौरान एक जार से उक्त सर्प विष बरामद किया गया।
वन विभाग के अनुसार सर्प विष म्यांमार-बांग्लादेश के रास्ते भारत से नेपाल में तस्करी करने की योजना थी। इस संबंध में रेंजर सोनम भूटिया ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा का रहने वाला है। पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है।