सिलीगुड़ी, 23 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में 65वां इंटर स्कूल प्री–सुब्रत मुखर्जी कप फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू हो गया है। 23 जुलाई से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 25 जुलाई तक चलेगी।
गुरुवार को कंचनजंघा स्टेडियम में टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन किया गया। इस मौके पर पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में बाइचुंग भूटिया ने कहा, “नए खिलाड़ियों का भविष्य ऐसे ही टूर्नामेंट से बनता है। मैं भी एक समय इस प्रतियोगिता का हिस्सा रहा हूं, जिसने मुझे आगे बढ़ने में मदद की।”
जानकारी के अनुसार, उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों की बेहतरीन टीमें इस टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं। कंचनजंघा स्टेडियम और तराई तारापद आदर्श विद्यालय के मैदानों में हर दिन तीन-तीन मैच खेले जाएंगे।
