खोरीबाड़ी, 23 जुलाई (नि.सं.)। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने के बाद सिलीगुड़ी महकमा में पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। गुरुवार को महकमे के 22 ग्राम पंचायतों में जांच अभियान चलाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, फांसीदेवा, खोरीबाड़ी और नक्सलबाड़ी ब्लॉक के कई ग्राम पंचायत कार्यालयों में पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पंचायत अधिकारियों से जन्म और मृत्यु से संबंधित दस्तावेजों की जांच की और जरूरी कागजात अपने कब्जे में लिए।
बताया जा रहा है कि हाल ही में उत्तरकन्या में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री भी मौजूद थे। इस बैठक के बाद पूरे राज्य में इस तरह की जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
