आवास योजना में केंद्रीय राज्य मंत्री निशित प्रमाणिक के पिता का नाम, तृणमूल कांग्रेस ने उठाई आवाज

कूचबिहार,18 दिसंबर (नि.सं.)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक के पिता का नाम आवास योजना परियोजना की सूची में है। इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष तथा कूचबिहार नगर पालिका के चेयरमैन रवींद्रनाथ घोष ने आवाज बुलंद की है।


बताया गया है कि दिनहाटा 1 नंबर ब्लॉक अंतर्गत भेटागुड़ी 1 नंबर ग्राम पंचायत इलाके के खरिजा बालाडांगा के निवासी विधुभूषण प्रमाणिक का नाम आवास योजना सूची में है। केंद्रीय राज्य मंत्री के पिता का नाम आवास योजना सूची में होने से राजनीतिक खेमों में चर्चा शुरू हो गई है। कूचबिहार नगर पालिका के चेयरमैन रवींद्रनाथ घोष ने एक पत्रकार सम्मेलन कर कहा कि भाजपा आवास योजना सूची में नामों को लेकर पूरे राज्य में विभिन्न आरोप लगाकर भाजपा आंदोलन कर रही है। हालांकि, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पास एक आलीशान घर है। इसके बावजूद उस सूची में उनके पिता का नाम है। लेकिन क्या इस बार भाजपा नेता और कार्यकर्ता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशित प्रमाणिक के घर के सामने जाकर धरना प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि लगभग छह साल पहले जब सर्वेक्षण किया गया था तो कई लोगों के पास पक्के घर नहीं थे। इस समय तक कई लोगों ने अपनी सामाजिक स्थिति में सुधार किया है। लेकिन उनके नाम भी सूची में हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि योग्य व्यक्ति को मकान मिलेगा।


हालांकि, इस संबंध में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक या उनके परिवार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। कूचबिहार जिला भाजपा के अध्यक्ष सुकुमार राय ने कहा कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री खुद लाभार्थियों को घर दे सकते हैं। इसलिए उनके पिता का नाम साजिश के तहत सूची में रखा गया है। दरअसल तृणमूल नेताओं और पंचायतों के नाम भी लिस्ट में है। इसलिए ऐसी साजिश रच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.