फूलबाड़ी, 24 जुलाई (नि.सं.)। बीमार बेटी से मिलने जा रहे एक पिता की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। बेटी के लिए मिठाई लेकर घर से निकले थे, लेकिन वह कभी वापस नहीं लौट पाए। इस घटना से फुलबाड़ी के छोभाविटा इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, फुलबाड़ी के छोभाविटा निवासी टुकड़ो मोहम्मद गुरुवार को दिनभर काम करने के बाद रात में अपनी बीमार बेटी से मिलने के लिए आमायदिघी इलाके की ओर निकले थे। उनके हाथ में बेटी के लिए खरीदी गई मिठाई भी थी। लेकिन रास्ते में ही फुलबाड़ी इलाके में वह एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। आरोप है कि एक मालवाहक वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल टुकड़ो मोहम्मद को तुरंत उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। रिश्तेदारों और पड़ोसियों के आंसुओं से माहौल गमगीन हो गया। बीमार बेटी तक पहुंचने से पहले ही पिता की इस तरह मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
