सिलीगुड़ी, 24 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के 28 नंबर वार्ड में रेलवे की ओर से बेदखली (उच्छेद) का नोटिस जारी किए जाने के बाद इलाके में चिंता का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, बेदखली से पहले प्रभावित निवासियों की बात सुनने के लिए रेलवे प्रशासन ने 24 और 27 जुलाई को सुनवाई (हियरिंग) की तारीख तय की थी। लेकिन सुनवाई का स्थान कटिहार घोषित किए जाने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई।
निवासियों का कहना है कि कटिहार इतनी दूर होने के कारण वहां जाकर सुनवाई में शामिल होना उनके लिए संभव नहीं है। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को पूर्व सीपीआई (एम) पार्षद जय चक्रवर्ती के नेतृत्व में 28 नंबर वार्ड के निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल सिलीगुड़ी के एडीआरएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बेदखली जैसे महत्वपूर्ण मामले में प्रभावित लोगों की बात सुनना बेहद जरूरी है, लेकिन अधिकांश परिवारों के लिए कटिहार जाकर सुनवाई में शामिल होना संभव नहीं है। इसलिए सिलीगुड़ी में ही सुनवाई आयोजित करने की मांग की गई।
एडीआरएम कार्यालय की ओर से प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया गया है कि जिन लोगों को बेदखली का नोटिस मिला है, उन्हें सुनवाई के लिए कटिहार नहीं जाना होगा। इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। रेलवे प्रशासन के इस आश्वासन से 28 नंबर वार्ड के निवासियों को कुछ हद तक राहत मिली है।
