सिलीगुड़ी, 19 अगस्त (नि.सं.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सिलीगुड़ी दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राज्य पुलिस के डीजीपी सिद्धिनाथ गुप्ता के बाद बुधवार को एडीजी (सीएम सिक्योरिटी) मनोज वर्मा ने कावाखाली स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।
जानकारी के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता और नए आपराधिक कानूनों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कावाखाली मैदान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में नाटक और अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नए कानूनों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की जानकारी दी गई है।
कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी न रहे, इसके लिए प्रशासन लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है।
