सिलीगुड़ी में किरायेदार के अवैध निर्माण पर नगर निगम की कार्रवाई, JCB से तोड़ा गया हिस्सा

सिलीगुड़ी, 19 अगस्त (नि.सं.)। मकान मालिक की शिकायत पर सिलीगुड़ी नगर निगम ने प्रधान नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 में कार्रवाई करते हुए किरायेदार द्वारा किए गए कथित अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान प्रधान नगर थाने की भारी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

जानकारी के अनुसार, पुराना एसएनटी गोदाम इलाके में स्थित एक मकान को करीब 10 वर्ष पहले मकान मालिक योगेश शर्मा ने डॉक्टर विभा मिश्रा सिंह को योगा सेंटर चलाने के लिए किराए पर दिया था। मकान मालिक के रिश्तेदारों का आरोप है कि किराए की अवधि समाप्त होने के बावजूद किरायेदार ने मकान खाली नहीं किया। साथ ही मकान के बाहरी हिस्से में कथित तौर पर अवैध निर्माण भी कर दिया गया। इसके बाद मकान मालिक के रिश्तेदार ने सिलीगुड़ी नगर निगम में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और जांच के बाद कथित अवैध निर्माण वाले हिस्से पर जेसीबी चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।

हालांकि, डॉक्टर विभा मिश्रा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उक्त स्थान पर उनका योगा सेंटर संचालित होता था और अवैध निर्माण को लेकर मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है। उनका आरोप है कि अदालत में मामला लंबित होने के बावजूद नगर निगम ने उन्हें उचित नोटिस और पर्याप्त समय दिए बिना तोड़फोड़ की कार्रवाई की। वहीं, नगर निगम की ओर से कहा गया कि निर्देशों के अनुसार ही कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes