रेलवे की जमीन से बेदखली के खिलाफ उत्तरकन्या अभियान, पुनर्वास की मांग

सिलीगुड़ी, 19 अगस्त (नि.सं.)। रेलवे की जमीन से बेदखली के विरोध में नागरिक अधिकारों की मांग को लेकर डाबग्राम-फुलबाड़ी व सिलीगुड़ी संयुक्त आंदोलन समिति ने उत्तरकन्या अभियान किया। जीवन-यापन, आवास और बच्चों के अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर संगठन के सदस्य बुधवार को सड़क पर उतरे।

बुधवार सुबह आंदोलनकारी सबसे पहले एनजेपी के एडीआरएम कार्यालय पहुंचे और वहां ज्ञापन सौंपा। इसके बाद न्यू जलपाईगुड़ी थाने में भी ज्ञापन दिया गया। वहां से आंदोलनकारी उत्तरकन्या के लिए रवाना हुए।

रैली के तीनबत्ती मोड़ पर पहुंचते ही भारी पुलिस बल ने उसे रोक दिया। बाद में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को उत्तरकन्या जाने की अनुमति दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने वहां पहुंचकर राज्य प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

आंदोलनकारियों की मांग है कि वर्षों से रेलवे की जमीन पर रह रहे परिवारों को पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना बेदखल नहीं किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि रेलवे के अचानक बेदखली के फैसले से कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी और आवास का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने जल्द से जल्द वैकल्पिक पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes