खोरीबाड़ी, 19 अगस्त (नि.सं.)। सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से बेचने के आरोप में मार्केट कमेटी के अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, खोरीबाड़ी के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मेची मार्केट व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन ने वर्ष 2020 में राज्य सरकार से 7.92 एकड़ जमीन लीज पर ली थी। आरोप है कि लीज पर मिली जमीन के अलावा करीब 3.61 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर उसे बेच दिया गया।
गत 8 अगस्त को फांसीदेवा के भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और विभिन्न लोगों को जमीन बेचकर करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए खोरीबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने मार्केट कमेटी के अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हांद्रू उरांव के रूप में हुई है। वह मेची मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष होने के साथ-साथ पूर्व प्रधान और इलाके में तृणमूल नेता के रूप में भी परिचित हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में हांद्रू उरांव के अलावा कई अन्य नेताओं के भी शामिल होने की आशंका है। आरोपी को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच करेगी।
