राजगंज पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा! मोनिका अधिकारी अध्यक्ष और निताई मंडल उपाध्यक्ष निर्वाचित  

राजगंज, 19 अगस्त (नि.सं.)। राजगंज पंचायत समिति अब तृणमूल कांग्रेस के हाथ से निकलकर भाजपा के कब्जे में आ गई है। भाजपा की मोनिका अधिकारी को पंचायत समिति का अध्यक्ष और निताई मंडल को उपाध्यक्ष चुना गया।

पंचायत समिति के कुल 36 सदस्यों में से 22 सदस्यों ने चुनावी बैठक में हिस्सा लिया। इनमें तृणमूल कांग्रेस के 13 और भाजपा के 9 निर्वाचित सदस्य शामिल थे। दोनों पदों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।

गौरतलब है कि 2023 के पंचायत चुनाव में 36 सीटों वाली राजगंज पंचायत समिति में तृणमूल कांग्रेस ने 27 और भाजपा ने 9 सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में बदले राजनीतिक समीकरण के बीच बुधवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद भाजपा के खाते में चले गए।

इससे पहले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी क्रमशः रूपाली दे सरकार और कविता छेत्री शैब के पास थी। अध्यक्ष का पद करीब एक महीने से खाली पड़ा था। बुधवार को राजगंज पंचायत समिति कार्यालय में नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया। दोनों को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes