सिलीगुड़ी में आलू लदे ट्रक से 82 लाख रुपये की प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, दो गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 19 अगस्त (नि.सं.)। डीआरआई की सिलीगुड़ी यूनिट ने फांसीदेवा थाना क्षेत्र के फूलबाड़ी-घोषपुकुर टोल प्लाजा के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए आलू लदे एक मालवाही ट्रक से 8,200 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 82 लाख रुपये बताई गई है। मामले में ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहियुद्दीन (31) और मोहम्मद आरिफ (30) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए है।

जानकारी के अनुसार, हावड़ा से एक मालवाही ट्रक में आलू की बोरियों की आड़ में प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई सिलीगुड़ी यूनिट की टीम ने मंगलवार को फूलबाड़ी-घोषपुकुर टोल प्लाजा के पास अभियान चलाया। इसी दौरान हावड़ा की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई।

डीआरआई पक्ष के अधिवक्ता रतन बनिक ने बताया कि ट्रक से कुल 8,200 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत करीब 82 लाख रुपये आंकी गई है। उनके अनुसार, कफ सिरप की यह खेप हावड़ा से सिलीगुड़ी के रास्ते असम होते हुए मेघालय ले जाई जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई की कार्रवाई से तस्करी की पूरी योजना विफल हो गई। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes