बागडोगरा, 27 दिसंबर(नि.सं.)। बागडोगरा के रानीडांगा कालाराम हाई स्कूल में दाखिले के समय निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने के आरोप को लेकर शनिवार को जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व AIDSO संगठन ने किया।
आरोप है कि सरकार द्वारा निर्धारित 240 रुपये के बजाय छात्रों से 400 से 450 रुपये तक प्रवेश शुल्क लिया जा रहा है। सरकारी स्कूल में अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने के खिलाफ छात्रों को साथ लेकर AIDSO कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया।
AIDSO के जिला उपाध्यक्ष विष्णु पाल ने चेतावनी दी कि जब तक अतिरिक्त शुल्क वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में किसी भी तरह की अतिरिक्त फीस लेना नियमों के खिलाफ है।
वहीं, स्कूल के प्रधान शिक्षक प्रबीर नंदी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ली जा रही अतिरिक्त राशि पूरी तरह ऐच्छिक है और किसी भी छात्र या अभिभावक पर दबाव नहीं बनाया जा रहा। उन्होंने बताया कि यह निर्णय प्रबंधन समिति और अभिभावकों से बातचीत के बाद लिया गया है।
प्रधान शिक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई छात्र आर्थिक कारणों से पढ़ाई जारी नहीं रख पाता है, तो स्कूल में निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
