सिलीगुड़ी,19 जून (नि.सं.)। भारी बारिश के कारण सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 13 में हालात बिगड़ गए हैं। कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थिति का जायजा लेने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम के विपक्षी दल के नेता अमित जैन मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, वार्ड के कई जगहों पर नालियां उफनकर सड़कों पर आ गई हैं, कहीं ड्रेन की दीवार टूट गई है तो कहीं कचरे का ढेर जमा हो गया है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सबसे चिंताजनक स्थिति सेवक रोड इलाके में देखी गई, जहां एक शॉपिंग मॉल के ग्राउंड फ्लोर में बारिश का पानी घुस गया। इससे निचले तल की कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है। वार्ड पार्षद के नजर न आने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।शुक्रवार को पूरे हालात का जायजा लेने के लिए विपक्षी नेता अमित जैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत की और स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की।अमित जैन ने कहा कि पहले भी बारिश हुई है, लेकिन पिछले दो दिनों में जो हालात बने हैं, वैसा पहले कभी नहीं देखा है। उन्होंने नगर निगम को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि काम के नाम पर सिर्फ पैसे खर्च किए गए, लेकिन जमीन पर कोई विकास नहीं हुआ है। जिसकी वजह से आज यह स्थिति बनी है।
