सिलीगुड़ी,19 जून (नि.सं.)। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 46 के बड़े हिस्से में जलमग्न हो गया है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इलाके के लोग आक्रोशित हो उठे हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात भर हुई तेज बारिश से कई इलाके पानी में डूब गए। आधी रात को समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोग पार्षद के घर पहुंचे, लेकिन वे वहां नहीं मिले।
आरोप है कि शुक्रवार सुबह तक भी पार्षद का कोई पता नहीं चला। स्थानीय लोगों का दावा है कि फोन करने पर भी उनका मोबाइल बंद मिला। इस बीच जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों का गुस्सा बढ़ता गया।
इलाका वासियों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है। हर बार बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। शुक्रवार सुबह पार्षद के घर के सामने जमा होकर वार्ड के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। पार्षद को बुलाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
स्थानीय लोगों का दावा है कि सिलीगुड़ी नगर निगम के विपक्षी दल के नेता अमित जैन के नेतृत्व में जेसीबी मशीन लगाकर पानी निकालने का काम शुरू किया गया, जिससे काफी हद तक जलभराव कम हुआ है।
इलाका वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पार्षद को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। इस मामले में वार्ड पार्षद दिलीप बर्मन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
