सिलीगुड़ी, 18 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के दक्षिण एकटियाशाल बाजार से सटे इलाके में सड़क पर कब्जे को लेकर मंगलवार को तनाव की स्थिति पैदा हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले संतोष गुप्ता नामक एक व्यक्ति ने संबंधित जमीन खरीदा था और बाद में वहां बहुमंजिला इमारत का निर्माण शुरू किया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि जमीन खरीदे जाने से पहले से ही करीब 8 फीट चौड़ी सड़क का लंबे समय से इस्तेमाल किया जा रहा है। वर्तमान में निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के मालिक का दावा है कि सड़क का कुछ हिस्सा उनकी निजी जमीन के अंतर्गत आता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी डाबग्राम-2 अंचल और आशीघर चौकी में लिखित शिकायत की गई थी। मंगलवार सुबह अचानक सड़क खोदकर कथित तौर पर कब्जे की कोशिश शुरू होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और काम बंद करवाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क वर्षों से मौजूद है। सड़क बंद होने पर बाइक तक अंदर ले जाना मुश्किल हो जाएगा और आपात स्थिति में बड़ी परेशानी हो सकती है। उन्होंने बहुमंजिला इमारत के नक्शे की मंजूरी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
वहीं, बहुमंजिला इमारत के मालिक संतोष गुप्ता ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तृणमूल सरकार के कार्यकाल में उनकी जमीन से जबरन तीन फीट हिस्सा लेकर सड़क बनाई गई थी। उस समय वे कुछ नहीं कर सके थे। उन्होंने बताया कि मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और अदालत का फैसला ही अंतिम होगा।
इस संबंध में डाबग्राम-2 अंचल की प्रधान मिताली मालाकार ने बताया कि पहले भी शिकायत मिलने पर उन्होंने मौके पर जाकर काम बंद करवाया था। उन्होंने जमीन मालिक से सभी दस्तावेज दिखाने को कहा है। कागजात की जांच के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने माना कि स्थानीय लोग लंबे समय से इस सड़क का इस्तेमाल कर रहे हैं और सड़क बंद होने से उनका आवागमन प्रभावित होगा।
