सिलीगुड़ी, 18 अगस्त (नि.सं.)। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की सिलीगुड़ी यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सालूगाड़ा इलाके से ब्राउन शुगर के साथ एक दंपति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निशा राई और छुतेन भूटिया के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान एनसीबी ने ब्राउन शुगर के अलावा 71 हजार रुपये नकद और एक काले रंग की थार गाड़ी भी जब्त की है।
एनसीबी सूत्रों के अनुसार, निशा राई अपने पति छुतेन भूटिया के साथ मिलकर सिलीगुड़ी से ब्राउन शुगर लेकर सिक्किम में इसकी तस्करी और बिक्री करती थी। एनसीबी की टीम पिछले कुछ समय से दोनों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को एनसीबी की टीम ने भक्तिनगर थाने की पुलिस के सहयोग से आर्मी कैंप से सटे सालूगाड़ा इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में एक काले रंग की थार गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी के बोनट के अंदर छिपाकर रखे गए एक पैकेट से ब्राउन शुगर बरामद की गई।
इसके बाद महिला के बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 71 हजार रुपये नकद बरामद हुए। एनसीबी ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में निशा राई और उसके पति छुतेन भूटिया को गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने ब्राउन शुगर, नकदी और थार गाड़ी को जब्त कर लिया है। अब एनसीबी इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बुधवार को एनडीपीएस एक्ट के तहत सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
