सिलीगुड़ी, 18 अगस्त (नि.सं.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में तैयारियां तेज हो गई हैं।कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था और सभा स्थल की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को राज्य के
डीजीपी सिद्धिनाथ गुप्ता सिलीगुड़ी पहुंचे। उन्होंने कावाखाली मैदान का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार कावाखाली मैदान में भारतीय न्याय संहिता बीएनएस और नए आपराधिक कानूनों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लगातार पांच दिनों तक नाटक एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नए कानूनों की जानकारी दी जाएगी। इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे है।
डीजीपी सिद्धिनाथ गुप्ता ने कावाखाली मैदान में पहुंचकर सभा मंच, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा भी की।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष योजना तैयार की जा रही है। अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए गए हैं।
नए कानूनों के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम में नाटक के माध्यम से बीएनएस के महत्वपूर्ण प्रावधानों और कानूनी बदलावों को सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा
