राजगंज,15 जुलाई (नि.सं.)। अरण्य सप्ताह के अवसर पर बैकुंठपुर डिवीजन के बेलाकोबा वन विभाग की ओर से छात्रों के साथ विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। बुधवार को राजगंज के महेंद्रनाथ उच्च विद्यालय में रैली, चित्रकला प्रतियोगिता, क्विज और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम हुए।
राज्य सरकार की पहल पर 14 से 20 जुलाई तक पूरे राज्य में अरण्य सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी के तहत वन संरक्षण, पर्यावरण बचाव और वृक्षारोपण के महत्व को लेकर छात्रों और आम लोगों को जागरूक करने का उद्देश्य रखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों की एक जागरूकता रैली से हुई, जो विद्यालय परिसर से निकलकर राजगंज पोस्ट ऑफिस मोड़ तक गई और फिर वापस विद्यालय पहुंची। इसके बाद चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
साथ ही विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में राजगंज थाने के आईसी अमिताभ दास, बेलाकोबा रेंज के रेंजर सोनम राज, आमबाड़ी रेंज के रेंजर पुकुर तामांग समेत वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
