असम के शिवसागर और चराईदेव जिलों में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए किन्नर समाज ने सराहनीय पहल की है। अखिल भारतीय किन्नर समाज ने न केवल राहत सामग्री वितरित की, बल्कि मुख्यमंत्री राहत सहायता कोष में 25 लाख रुपये का योगदान भी दिया है।
उत्तर बंगाल की बड़ी मां सोना देवी के नेतृत्व में सिलीगुड़ी से चार सदस्यीय टीम डिब्रूगढ़ पहुंची। इस टीम ने पांच दिनों तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लगभग 1000 परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। इसके बाद बुधवार को डिब्रूगढ़ सचिवालय पहुंचकर किन्नर समाज की ओर से मुख्यमंत्री राहत सहायता कोष में 25 लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी गई।
सोना देवी ने बताया कि किन्नर समाज भी समाज का अभिन्न हिस्सा है और उनके भीतर भी संवेदनाएं और मानवीय भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस आपदा को देखकर किन्नर समाज ने भी आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करने का निर्णय लिया। देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से किन्नर समुदाय के लोगों ने आर्थिक सहयोग और राहत सामग्री भेजी, जिससे यह संभव हो सका।
उन्होंने आगे बताया कि यह मदद यहीं तक सीमित नहीं रहेगी। किन्नर समाज एक बार फिर बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर करीब 4000 और परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करेगा। किन्नर समाज की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा सराहा जा रहा है और इसे मानवता की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
