सिलीगुड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाना की पुलिस ने ग्राहक बनकर कपड़े की दुकान में चोरी करने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कावाखाली बाजार निवासी पूर्णिमा दास (55 वर्ष), दीपाली डे (50 वर्ष) और सबिता सरकार (48 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के पतिरामजोत स्थित एक कपड़े की दुकान में बीते शाम तीनों महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंची थी। खरीदारी का बहाना करते हुए उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही करीब 7 से 10 हजार रुपये मूल्य के कपड़े तथा लगभग 1,000 रुपये नकद चोरी कर फरार हो गईं।
घटना के कुछ देर बाद जब दुकानदार ने सामान का मिलान किया तो चोरी का पता चला। इसके बाद उसने माटीगाड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इलाके के सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूत्रों की मदद से तीनों महिलाओं की पहचान की गई। बाद में पुलिस को सूचना मिली कि तीनों महिलाएं चोरी किए गए कपड़ों को बेचने के लिए परिवहन नगर इलाके में पहुंची हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के कपड़े भी बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है।
