सिलीगुड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत की है। इस पहल का शुभारंभ गुरुवार को एयर व्यूमोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप पर सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता बोर्ड का उद्घाटन कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल कानून का पालन कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप ऐसे स्थान हैं जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन चालक पहुंचते हैं, इसलिए यहां जागरूकता संदेशों वाले प्लेकार्ड लगाने से अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों के साथ-साथ अब पेट्रोल पंपों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया गया है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम में ट्रैफिक डीसीपी काजी शम्सुद्दीन अहमद, एडीसीपी पूर्णिमा शेर्पा, एसीपी सुबीर दत्त, एसीपी त्रिदीप सरकार, एसीपी चंदन दास सहित पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
