जलपाईगुड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। डेंगू के बढ़ते खतरे को रोकने के लिए जलपाईगुड़ी नगर पालिका ने विशेष पहल शुरू की है। मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न नालों, नालियों और जलाशयों में गप्पी मछलियां छोड़ी जा रही हैं।
नगर पालिका सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्ष जलपाईगुड़ी नगर क्षेत्र में डेंगू के 26 मामले सामने आए थे, जबकि इस वर्ष अब तक 3 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं पूरे जिले में डेंगू के मामलों की संख्या करीब 100 के आसपास पहुंच गई है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सतर्कता बढ़ा दी है।
गुरुवार को पहले चरण में शहर के विभिन्न जलाशयों में करीब 46 हजार गप्पी मछलियां छोड़ी गई। इसके साथ ही पूरे शहर में एंटी-लार्वा स्प्रे अभियान चलाया जा रहा है, घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और जमा पानी को साफ करने का काम भी किया जा रहा है।
