फूलबाड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। फुलबाड़ी-घोषपुकुर बाईपास सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है, जिसे जेसीबी मशीन की मदद से अस्थायी रूप से भरा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से यह महत्वपूर्ण बाईपास सड़क जर्जर अवस्था में पड़ी हुई है। सड़क के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है। इसके अलावा, इस सड़क पर रोजाना लंबा जाम भी लग रहा है।
इस स्थिति को देखते हुए फुलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट की पुलिस और एक संस्था के पहल पर सड़क के गड्ढों को अस्थायी रूप से भरने का काम शुरू किया गया है। जेसीबी की मदद से गड्ढों में मिट्टी और पत्थर डालकर भरी जा रही है, ताकि यातायात को कुछ हद तक सामान्य रखा जा सके।
स्थानीय निवासी नरेश राय ने बताया कि लंबे समय से मरम्मत के अभाव में यह महत्वपूर्ण बाईपास सड़क बदहाल स्थिति में है। इस रास्ते से प्रतिदिन सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, घोषपुकुर सहित कई इलाकों के हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, साथ ही मालवाहक ट्रकों की भी भारी आवाजाही रहती है। सड़क खराब होने के कारण रोजाना वाहन खराब हो रहे हैं और जाम की स्थिति बनी रहती है। वाहन चालकों को इस छोटे से रास्ते को पार करने में करीब 5-6 घंटे का समय लग जाता है।
स्थानीय लोगों और नियमित यात्रियों ने विधायक से सड़क का निरीक्षण करने और अस्थायी मरम्मत के साथ-साथ जल्द से जल्द स्थायी और पूर्ण सुधार की मांग की है।
