खोरीबाड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। करीब एक महीने से दहशत में जी रहे लोगों को आखिरकार राहत मिल गई है। खोरीबाड़ी के बातासी फूलबाड़ी चाय बागान में देर रात एक तेंदुआ वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में फंस गया।
हाल के दिनों में चाय बागान के श्रमिकों को बार-बार तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में भय का माहौल बन गया था। शिकायत मिलने के बाद टुकड़ियाझाड़ वन विभाग ने कुछ दिन पहले फैक्ट्री लाइन इलाके में पिंजरा लगाया था। इसी पिंजरे में आखिरकार तेंदुआ फंस गया, जिससे श्रमिकों ने राहत की सांस ली है।
रात में ही कर्सियांग वन विभाग की एलिफेंट स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। स्वास्थ्य जांच के बाद उसे पानीघाटा के जंगल में छोड़ दिया गया। हालांकि, स्थानीय श्रमिकों का कहना है कि इलाके में अभी भी तेंदुआ मौजूद हो सकते हैं।
