राजगंज, 6 अगस्त (नि.सं.)। बेलाकोबा में एक मोबाइल टावर पर चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है, जिसके कारण कुछ समय के लिए मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं बाधित रहीं।जानकारी के अनुसार, राजगंज ब्लॉक के बेलाकोबा के बाबूपाड़ा स्थित एक निजी दूरसंचार कंपनी के मुख्य मोबाइल टावर में बुधवार रात कुछ बदमाश घुस गए। आरोप है कि उन्होंने टावर के महत्वपूर्ण कनेक्शन के तार काटकर चोरी करने की कोशिश की। टावर के सुरक्षा गार्ड को इसकी भनक लगते ही उसने बदमाशों का पीछा किया, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।घटना के बाद बेलाकोबा और आसपास के विस्तृत इलाके में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हो गईं। इससे कई उपभोक्ताओं को फोन पर बातचीत करने और इंटरनेट इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही संबंधित दूरसंचार कंपनी के तकनीकी कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर मरम्मत का काम शुरू किया। इसके बाद सेवाएं सामान्य कर दी गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर बेलाकोबा पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टावर से कोई सामान चोरी हुआ है या नहीं तथा इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
