सिलीगुड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित डकैती की वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस को बीती रात गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल कॉलोनी स्थित एक खाली रेलवे क्वार्टर में कुछ बदमाश इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही प्रधान नगर थाने की पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर रेलवे क्वार्टर में छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिट्टू खान (26), बिकी पोद्दार (25), राजू साहनी (32) और मोहम्मद आलमगीर (26) के रूप में हुई है। सभी आरोपी सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों के निवासी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
