सिलीगुड़ी, 28 मई (नि.सं.)। बागडोगरा थाना की सादे पोशाक की पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। आज बेंगडूबी संलग्न त्रिहाना चाय बागान के पास एमएमतराई रोड पर पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ करवाई शुरू की। इस दौरान कुल 7 लोगों को नशे की हालत में वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कई वाहनों को जब्त भी किया गया है।
गौरतलब है कि छुट्टियों के दिन लोग अपने दोस्तों एवं जान पहचान वालों के साथ अक्सर घूमने निकलते है। इस दौरान कई लोग नशे की हालत में वाहन चलते पाये जाते है। जिसके चलते कई बार वो दुर्घटना का शिकार हो जाते है। इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिये बागडोगरा थाना की पुलिस ने अभियान चलाया। आज अभियान के दौरान पुलिस ने बाइक, स्कूटी एवं चार पहिया वाहनों की तलाशी ली। वहीं, नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ करवायी की गयी।