सिलीगुड़ी, 29 मई (नि.सं.)। राज्य में सरकार परिवर्तन के बाद नदियों से अवैध खनन और बालू तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने बीती रात अवैध बालू खनन के खिलाफ अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात पुलिस टीम ने चौरंगी मोड़ स्थित पतिरामजोत इलाके में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने बालू से लदे दो ट्रकों को रोककर जांच की। जब ट्रक चालकों से रॉयल्टी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों चालकों को गिरफ्तार कर लिया और दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन पासवान (28) और सुबल दास (26) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि अवैध बालू कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
