सिलीगुड़ी, 02 अगस्त (नि.सं.)। उत्तर बंगाल के विभिन्न नगर निगमों के आयुक्तों और प्रशासकों के साथ सिलीगुड़ी नगर निगम में राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बैठक की। इस बैठक में शहरी विकास, साफ-सफाई, पेयजल, कचरा प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि कूचबिहार को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। वहीं सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, कर्सियांग, कालिम्पोंग और मिरिक को हिल सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा पूरे राज्य में आधुनिक बस स्टैंड बनाए जाएंगे, जहां यात्रियों के बैठने की सुविधा और पानी के वेंडिंग मशीन उपलब्ध होंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी 1 सितंबर से पूरे राज्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। विभिन्न बाजारों में बैग वेंडिंग मशीन लगाई जाएंगी, ताकि लोग कम कीमत में पर्यावरण के अनुकूल बैग खरीद सकें।
दार्जिलिंग में लंबे समय से चल रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। मंत्री ने दावा किया कि जून 2027 तक राज्य के किसी भी हिस्से में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी।
साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने की भी घोषणा की गई है। सड़क पर कचरा फेंकने या निर्माण सामग्री जैसे बालू-पत्थर रखने पर जुर्माना लगाया जाएगा, जिसे पुलिस के जरिए लागू किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे राज्य में एक व्यवस्थित और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
