नक्सलबाड़ी, 1 जुलाई (नि.सं.)। नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में बहुप्रतीक्षित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का उद्घाटन राज्य के वित्त एवं परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने किया। इस यूनिट के शुरू होने से अब एक ही छत के नीचे रक्त संबंधी सभी जांच संभव होंगी।
कार्यक्रम में दार्जिलिंग के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तुलसी प्रामाणिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों को भोजन भी वितरित किया गया।
राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने बताया कि यूनिट का ट्रायल रन शुरू हो चुका है और डॉक्टरों द्वारा सुझाए गए लगभग 40-50 प्रकार के ब्लड टेस्ट यहां किए जा सकेंगे। इससे मरीजों को बाहर जाकर जांच कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर भवन निर्माण में 66 लाख रुपये और उपकरणों पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान भारत कार्ड जल्द ही आम लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा और भविष्य में इस क्षेत्र में एम्स जैसे संस्थान की स्थापना की दिशा में भी काम किया जाएगा। साथ ही आयुष विभाग को अलग से विकसित करने की योजना भी है।
