जलपाईगुड़ी, 01 अगस्त (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी में भी ‘जनगणना 2027’ की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिला परिषद ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी अदिति चौधरी, पुलिस अधीक्षक, सांसद जयंत कुमार राय, विधायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि 1 अगस्त से 15 अगस्त तक सेल्फ एन्यूमरेशन चरण चलेगा, जिसमें नागरिक घर बैठे ऑनलाइन अपने विवरण दर्ज कर सकेंगे।
जिलाधिकारी अदिति चौधरी ने बताया कि जिले में जनगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां 5,034 एन्यूमरेटर और 785 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जिन्हें प्रशिक्षण देकर आवश्यक किट भी उपलब्ध कराई गई है।
वहीं, सांसद जयंत कुमार राय ने कहा कि लगभग 15 वर्षों बाद देश में जनगणना हो रही है। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से त्रुटियों की संभावना कम होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से जनगणना में भाग लेने की अपील की।
