सिलीगुड़ी,1 अगस्त (नि.सं.)। मोबाइल चोरी, छिनतई और गुम होने की बढ़ती घटनाओं के बीच सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शनिवार को 70 बरामद मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए। यह कार्यक्रम सिलीगुड़ी थाना परिसर में आयोजित किया गया।
इस दौरान एसीपी रॉबिन थापा और आईसी प्रवीर दास ने लोगों को साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल खोने पर केवल थाने में शिकायत दर्ज कराना ही काफी नहीं है, बल्कि तुरंत बैंक को सूचित कर यूपीआई और अन्य बैंकिंग सेवाओं को सुरक्षित करना भी जरूरी है।
पुलिस ने बताया कि हाल के महीनों में दर्ज कई मामलों की जांच के बाद ये मोबाइल बरामद किए गए। अपना फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की सराहना की। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल में मजबूत पासवर्ड रखें, स्क्रीन लॉक का इस्तेमाल करें और किसी भी संदिग्ध लिंक से दूर रहें।
